राष्ट्रीय (16/11/2013) 
दीपेंद्र हुड्डा ने भरवाए छह प्रत्याशियों के नामांकन
नई दिल्ली, 16 नवम्बर, कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को नामांकन भरने के अंतिम दिन कांग्रेस के छह प्रत्याशियों के नामांकन भरवाए। कांग्रेस सांसद ने मुंडका से डा. नरेश, द्वारका से तस्वीर सोंलकी, जनकपुरी से रागिनी नायक, नजफगढ़ से बिजेंद्र शर्मा, रोहिणी से के.के. वधवा और तिलक नगर से अमृता धवन के नामांकन पत्र दाखिल करवाए।
    नामांकन पत्र दाखिल करवाने पहुंचे समारोह में दीपेंद्र हुड्डा का युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। युवाओं का जोश देखते ही बनता था। कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और दीपेंद्र हुड्डा के समर्थन में नारेबाजी कर उत्साह बढ़ा रहे थे। हर तरफ चुनावी माहौल था। कार्यकर्ताओं की भीड़ इतनी अधिक थी कि दीपेंद्र को गांड़ी से उतरकर पैदल चलकर प्रत्याशियों के नामांकन पत्र भरवाने जाना पड़ा।
ज्ञात रहे कि ये सभी छह सीटें बाहरी दिल्ली क्षेत्र में आती है जहां दीपेंद्र हुड्डा का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है। उम्मीदवारों के अनुरोध पर सांसद हुड्डा ने आज मैराथन करते हुए एक दिन में ही छह प्रत्याशियों के नामांकन भरवाए। इससे पूर्व भी डूसू चुनावों में दीपेंद्र का काफी वर्चस्व रहा है। डूसू चुनावों में दीपेंद्र के सुझाए उम्मीदवारों ने जीत भी दर्ज की थी।
    इस अवसर पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की सरकार में पिछले तीन कार्यकालों में विकास बहुत तेजी से हुआ है। दिल्ली विकास के मामले में आगे गई है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में दिल्ली में विकास की रफ्तार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास की बात की है। इसी विकास के कारण दिल्ली की जनता चौथी बार कांग्रेस को सत्ता देकर सेवा का मौका देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी ने सभी धर्मों व वर्गों को साथ लेकर आम आदमी को विकास से जोड़ा है। श्री हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व ने युवाओं की राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं लागू हुई हैं। इन योजनाओं का सीधा लाभ आम आदमी को मिला है।
Copyright @ 2019.