राष्ट्रीय (17/05/2014) 
रोक के बावजूद भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने भाजपा नेताओं को दी चेतावनी
गुलावठी। लोकसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्र का माहौल है। देर शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर के सैदपुर मार्ग पर हजारीलाल मार्किट के पास जमकर खुशियां मनाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर व मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने डी.जे. बजाया व पटाखे भी छोड़े।
इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। उसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढ़ोल नगाड़ों के साथ नगर में जुलूस निकालना शुरू कर दिया। लेकिन प्रशासन की ओर से जुलूस पर रोक लगी हुई थी। जुलूस की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। निगरानी करने के लिए गुलावठी थाने में तैनात एक दरोगा आया लेकिन उसने कार्यकर्ताओं से कुछ नही कहा बल्कि एक हलवाई की दुकान में बैठकर आराम फरमाने लगा। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं के हौशलें और बुलंद हो गए।
जुलूस के बढ़ते कारवां को देखते हुए पुन: किसी ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारी से की। जिसके बाद थाना पुलिस की जीप में एक दरोगा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की हवा निकल गई और उन्होंने सिर पर पहन रखी भाजपा की टोपी को अपनी- अपनी जेब में रख ली।
पुलिसर्मियों ने जुलूस निकाल रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को जुलूस नही निकालने की हिदायत दी। पुलिस ने जुलूस निकालने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दे डाली, जिससे भयभीत होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालना बंद कर दिया और रफूचक्कर हो गए। उधर कुछ लोगों का कहना है कि जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने  प्रशासन के आदेशों को भी ठेंगा दिखाना शुरू कर दिया है और वह अपनी मनमानी पर उतारू हो गए।

Copyright @ 2019.