राष्ट्रीय (21/05/2014) 
जनता को अब देश में अच्छे बदलाव की उम्मीद
गुलावठी। लोकसभा चुनाव में भाजपा की रिकार्ड तोड़ जीत से हर कोई गदगद है। अब जनता को देश में अच्छे बदलाव की उम्मीद है। इस सम्बंध में जन जागरण कल्याण समिति (आर.टी.आई. कार्यकर्ता समूह) के अध्यक्ष त्रिलोकचंद शर्मा का कहना है कि जब से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित हुए थे तब से जनता की उम्मीद जागी और मतदाताओं ने रिकार्ड तोड़ मतदान कर भ्रष्टाचार और दूसरी ज्वलंत समस्याओं को उखाडऩे का प्रयास किया। अब मोदी सरकार से जनता को अच्छे बदलाव की आस है।
नगर के प्रमुख व्यापारी नेता राजीव सैनी का कहना है कि जनता मंहगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त थी। पूरे देश में जगलराज कायम था ऐसे में जनता बदलाव चाहती थी। जनता चाहती थी कि नरेन्द्र भाई मोदी देश के प्रधानमंत्री बने और ऐसे में लोगों का रूझान भाजपा की ओर गया और भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई।
नगर के प्रमुख पेंट व्यापारी व समाज सेवी गौरव कुमार का कहना है कि ये मोदी के विकास की प्रबल धारा थी। जनता ने जाति भेदभाव से हटकर देश के विकास के लिए अपने मत का प्रयोग कर मोदी को चुनने का कार्य किया। मोदी की जीत देश की राजनीति में नई क्रांति लाएगी।
नगर के प्रमुख कपड़ा व्यापारी व व्यापारी नेता अनिल सिंहल का कहना है कि भाजपा की जीत से यह साबित हो गया है कि देश में ईमानदारी व सिद्धान्त से न सिर्फ चुनाव लडा जा सकता है बल्कि जीत भी हासिल की जा सकती है।
भाजपा की जीत के बाद बदलाव होगा। जनता ने दिखा दिया है कि अब उन्हें मौका परस्त, भ्रष्ट और लालची राजनैतिक पार्टियों की आवश्यकता नही है। इस तरह से अनेक गणमान्य लोगों ने भी टिप्पणी की। अब देखना है कि मादी सरकार देश की जनता की उम्मीदों का कितना खरा उतरती है।
Copyright @ 2019.