राष्ट्रीय (11/06/2014) 
गुलावठी में सरेराह लुटेरों ने भाजपा नेता को गोली मारी, गम्भीर
गुस्साए व्यापारियों ने किया हाईवे जाम
भाजपा नेताओं व पुलिस के बीच हुई नोंकझोंक

गुलावठी(ब्यूरो)। गुलावठी में सरेबाजार पुराना बस स्टैण्ड निकट मुफिदे आम मार्किट में नमकीन व्यापारी से रूपयों से भरा थैला लूटकर भाग रहे बदमाशों को जब पुस्तक विक्रेता व भाजपा नेता ने पकड़ना चाहा तो बदमाशों ने भाजपा नेता को गोली मार दी और फरार हो गए।
लोगों ने घायल भाजपा नेता को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत को गम्भीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। व्यापारियों ने घटना के विरोध में अपनी दुकाने बंद करके हाईवे पर जाम लगा दिया। प्राप्त समाचार के अनुसार सिकन्द्राबाद निवासी नमकीन व्यापारी रामनिवास सिंह गुलावठी में उगाही करने के लिए आए थे।
बुधवार की दोपहर करीब ढ़ाई बजे व्यापारी रामनिवास पुराना बस स्टैण्ड निकट मुफिदे आम मार्किट में किराना व्यापारी कुलदीप से उगाही करके लौट रहे थे। जैसे ही वह दुकान से निकले तो बाइक सवार ३ बदमाशों ने नमकीन व्यापारी से रूपयों से भरा थैला लूट लिया। आसपास के लोगों ने घटना के बाद शोर मचा दिया। उसी दौरान अपनी पुस्तकों की दुकान पर बैठे व्यापारी व भाजपा नेता पुनित सिंहल पुत्र विष्णुप्रसाद ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया लेकिन बाइक पर सवार दूसरे बदमाश ने पुनित को गोली मार दी, गोली लगते ही बाजार में अफरा तफरी मच गई और बदमाश फरार हो गए। गोली भाजपा नेता की पीठ में लगी।
स्थानीय लोग घायल को सरकारी अस्पताल में ले गए जहां उसकी हालत को गम्भीर देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। घटना से उत्साहित लोगों ने आनन फानन में अपनी दुकानें बंद करके स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम लगा रहे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जमकर हंगामा किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र सिंह राठौर व थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र सिंह राठौर व थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र सिंह यादव ने जाम लगा रहे लोगों को समझााने का प्रयास किया लेकिन वह नही मानें इस दौरान व्यापारियों व पुलिस के बीच काफी नोंकझोंक भी हुई।
मौके पर पूर्व सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर, भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेशचंद जैन, भाजपा नगराध्यक्ष अनिल सिंहल, भाजपा मंडल महामंत्री त्रिलोकचंद शर्मा, भाजपा नेता राजीव सैनी, व्यापारी कुलदीप मोदी, हरिशचंद प्रधान, भाजपा महिला मोर्चा की नेता श्रीमति विद्यावती तोमर समेत अनेक लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों की विडियोग्राफी भी कराई।
इस मामले में भाजपा के मंडल महामंत्री त्रिलोकचंद शर्मा का कहना है कि प्रदेश में जंगलराज कायम है। अभी ४ दिन पूर्व दादरी में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई और २ दिन पूर्व मुजफ्फरनगर में भाजपा नगर उपाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके लिए प्रदेश सरकार जिम्मेवार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नही है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र आरोपी गिरफ्तार नही हुए तो वे आन्दोलन करेंगे।
Copyright @ 2019.