राष्ट्रीय (02/09/2014) 
यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे जल्द ही घर बसाने का सपना पूरा हो सकता है
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे जल्द ही घर बसाने का सपना पूरा हो सकता है।  यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण नवरात्रों में 2500 फ्लैटों की स्कीम लॉन्च करने जा रही है। इसके लिए प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है। इस स्कीम के तहत ग्रीन बिल्डिंग बनाई जाएगी। फ्लैट का एरिया 45 वर्ग मीटर का होगा। गौरतलब है कि अभी तक नोएडा, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 35 वर्ग मीटर के फ्लैट की स्कीम लॉन्च करती रही हैं। यमुना अथॉरिटी पहली बार 45 वर्ग मीटर के फ्लैट की स्कीम ला रही है। इसमें फ्लैट की कीमत लगभग 15 लाख रुपये होगी। यह स्कीम सेक्टर-22 डी में होगी। अथॉरिटी ने अपने मास्टर प्लान में सेक्टर-22 डी तक मेट्रो का प्रोपजल भी रखा है।
इस सेक्टर तक प्राधिकरण मेट्रो चलाएगी। सेक्टर-22 डी कनेक्टिविटी के लिहाज से शहर का सबसे बेहतर सेक्टर होगा। यहां तक मेट्रो के अलावा यमुना एक्सप्रेस-वे, 130 मीटर एक्सप्रेस-वे कनेक्ट होंगे। इस एक्सप्रेस-वे को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जाएगा। फ्लैट आवंटन होने के 6 महीने बाद किस्त देना शुरू होगी।
योजना में आवेदन कराने के लिए रजिस्ट्रेशन मनी न होने पर बैंक लोन की भी व्यवस्था होगी। यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण के सीईओ पीसी गुप्ता के अनुसार यह स्कीम सबसे बेस्ट होगी। प्राधिकरण पहली बार 45 वर्ग मीटर साइज के फ्लैट बनाएगी। उन्होंने बताया कि यहां बसने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं दी जााएंगी। यहां पार्क, खेल का मैदान, पीने का स्वच्छ जल, पार्किंग, स्कूल, सामुदायिक भवन आदि सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि इस स्कीम के लिए पूरी जमीन प्राधिकरण के कब्जे में है। जमीन किसानों से डायरेक्ट प्रचेज कर ली गई है। किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। वैसे भी अब बढ़ा हुआ मुआजवा दिए जाने की घोषणा से विवाद समाप्त हो गया है। 
Copyright @ 2019.