राष्ट्रीय (04/09/2014) 
जिला अस्पताल में किसी भी वक्त होगा सिजेरियन ऑपरेशन
नोएडा। जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को अब 24 घंटे सिजेरियन सुविधा उपलब्ध रहेगी। बुधवार को अस्पताल प्रबंधन ने यह फैसला लेते हुए डॉक्टरों को निर्देश जारी किया है।
इसके साथ ही सेकंड ओपिनियन के लिए ऑन कॉल पर किसी भी डॉक्टर को बुलाया जा सकता है।
मंगलवार रात एक सिजेरियन ऑपरेशन का केस आया, लेकिन एनेस्थेटिक डॉक्टर न होने के कारण मरीज काफी देर तक अस्पताल में परेशान घूमती रही। बाद में मरीज ने जब काफी हंगामा किया, तब जाकर अस्पताल प्रबंधन ने रात को 12 बजे एनेस्थेटिक डॉक्टर को फोन कर बुलाया और मरीज का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। इस बात को लेकर बुधवार को अस्पताल में डॉक्टरों की बैठक हुई और 24 घंटे सीजेरियन ऑपरेशन करने का फैसला लिया गया।
सीएमएस डॉ. आरएन पीमिश्रा ने बताया कि अब अस्पताल की कोई भी डॉक्टर रात के समय एनेस्थेटिक न होने का बहाना बना सिजेरियन पेशंट को रेफर नहीं करेगी। अस्पताल ने सिजेरियन सुविधा 24 घंटे शुरू करने का फैसला लिया है। साथ ही अगर कोई डॉक्टर हेल्प के लिए दूसरी डॉक्टर को फोन कर बुलाएगी तो उन्हें अस्पताल में आना होगा। 

Copyright @ 2019.