राष्ट्रीय (05/09/2014) 
पाकिस्तान नहीं जाएंगे चीनी राष्ट्रपति
नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अब पाकिस्तान नहीं जाएंगे। श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंद्रा राजपक्षे के बाद चीनी राष्ट्रपति ने भी सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान दौरा रद्द करने का फैसला किया। वह सितंबर के मध्य में पाक दौरे पर जानेवाले थे। इस फैसले से चीन ने सदाबहार साथी रहे पाकिस्तान को सीधा संदेश दिया है कि बड़े आयोजनों से पहले वह ऐसे राजनीतिक उठापटक से निबट ले।
यह भारत के लिए बेहद अच्छी खबर है। भारत ने चीनी राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री दोनों देशों का दौरा एक साथ किए जाने का लगातार विरोध किया है। शी का यह पाकिस्तान दौरा इस लिहाज से काफी महत्वपूर्ण था कि इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक और सामरिक क्षेत्र से जुड़े कई समझौते होने के अनुमान लगाए जा रहे थे। चीनी राष्ट्रपति को लाहौर-कराची मोटर वे सेक्शन का शिलान्यास करने और बिजली परियोजनाओं की शुरुआत करने के साथ पाक-चीन के बीच प्रस्तावित रेल लिंक को भी अंतिम रूप देना था।
चीन ने अगले सात सालों में आधारभूत संरचनाओं के निर्माण और बिजली से जुड़ी कई पाकिस्तानी परियोजनाओं में 32 अरब डॉलर के निवेश किए जाने की घोषणा थी। सितंबर में शी का भारत दौरे के बाद पाकिस्तान और फिर श्रीलंका जाने की योजना थी। 14 से 17 सितम्बर के बीच राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के वियतनाम दौरे को देखते हुए शी के कार्यक्रम में बदलाव किया गया था।  जिसके मुताबिक वो पहले पाकिस्तान जाते। फिर श्रीलंका का दौरा करने के बाद उनका भारत आगमन का कार्यक्रम था। राष्ट्रपति बनने के बाद शी भारतीय उप महाद्वीप की पहली यात्रा पर आएंगे। 17 से 19 सितम्बर के बीच भारत दौरे पर वह देश की आधारभूत संरचनाओं में भारी मदद की घोषणा कर सकते हैं।

Copyright @ 2019.