राष्ट्रीय (08/09/2014) 
जम्मू में तबाही से अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत
श्रीनगर। कश्मीर को धरती का जन्नत कहा जाता है, लेकिन भयंकर बाढ़ ने इस खूबसूरत प्रदेश को जन्नत से जहन्नुम बना दिया है। जम्मू कश्मीर आजादी के बाद से आई सबसे भयानक बाढ़ से दोचार हो रहा है। श्रीनगर शहर में पानी घुस चुका है। पूरा शहर पानी से लबरेज है। दक्षिण कश्मीर की हालत तो और खराब है करीब ढाई हजार गांव पूरी तरह से बाढ़ से प्रभावित हैं जबकि करीब 500 गांव जलमग्न हो चुके हैं।
जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर इलाके अब तक भी सबसे बड़ी कुदरती तबाही से जूझ रहे हैं। लाखों लोग बाढ़ के कहर से बेहाल हैं। हजारों लोग अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित जगहों पर रहने को मजबूर हैं।
पूरा शहर तालाब बन चुका है। शहर के हर हिस्से का कमोबेश यही हाल है। लोग घरों में फंसे हुए हैं। आम दिनों में झेलम का पानी कम से कम सड़क से 20 से 30 फीट नीचे तक रहता था, लेकिन अभी जो हालात हैं, जो तस्वीरें दिख रही हैं उसे देककर आपको खुद ब खुद हालात की गंभीरता का एहसास हो जाएगा सड़क और नदी कमोबेश एक ही स्तर पर आ गए हैं। मशहूर डल झील का पानी सड़क के बराबर आ चुका है।
आम दिनों में डल का पानी सड़क से 15 से 20 फीट नीचे रहता है। डल के किनारे की सड़क झील का हिस्सा बन चुकी है। उपर की दुकानों और बाजारों में भी पानी घुस चुका है।. कुदरत का यह कहर बारिश की शक्ल में बरसना शुरू हुआ। 

Copyright @ 2019.