राष्ट्रीय (09/09/2014) 
सरकारी धन का दुरूपयोग करने पर फंसा ग्राम प्रधान
ग्रेटर नोएडा। जुनैदपुर के ग्राम प्रधान सरकारी धन के दुरूपयोग करने पर फंस गए हैं। उनके अधिकारों पर रोक लगा दी गई है। मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी को पहले ही सस्पेंड किया गया था।ग्राम पंचायत के कार्य संचालन के लिए जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
जुनैदपुर के ग्राम प्रधान श्याम सिंह पर सरकारी धन के हेरफेर का आरोप लगाते हुए सुनील, जयवीर, सुभाष ने जिला प्रशासन से शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की थी। जांच के दौरान समिति ने वित्तीय अनियमितता को सही पाया। ग्राम प्रधान गांव में कराए गए विकास कार्य का विवरण व दस्तावेज समिति के सामने पेश नहीं कर पाए।
इस वर्ष अप्रैल से मई के दौरान ग्राम पंचायत के खाते से निकाली गई करीब पांच लाख रुपये धनराशि के उपयोग को लेकर भी ग्राम प्रधान समिति को ठोस दस्तावेज नहीं दे सके। जबकि ग्राम प्रधान को ग्राम पंचायत के खाते से कराए गए विकास कार्य का विवरण नियमानुसार ग्राम सभा की बैठक में प्रस्तुत करना जरूरी था प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता मिलने पर ग्राम पंचायत अधिकारी एलसी लामा को जून में निलंबित कर दिया गया था। जबकि ग्राम प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा गया था।
ग्राम प्रधान की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण से भी समिति संतुष्ट नहीं हुई। उसे वित्तीय अनियमितता का दोषी करार देते हुए जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी गई थी। जिलाधिकारी एवी राजामौली ने ग्राम प्रधान के सभी वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाने का आदेश देते हुए सुनील कुमार, कविता व कश्मीरा की तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। यह समिति ग्राम सभा के सभी कार्य का संचालन करेगी।
Copyright @ 2019.