राष्ट्रीय (06/10/2014) 
4 कंपनियों के 400 जवान करवाएंगे सुरक्षित मतदान
कैथल, 6 अक्तूबर (राजकुमार अग्रवाल):  जिला प्रशासन द्वारा 15 अक्तूबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, स्वतंत्र व शांति पूर्ण संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के कड़े कदम उठाए जाएंगे। जिला में सभी 676 बूथों पर हरियाणा पुलिस के जवानों के साथ-साथ सशस्त्र सेना बल के जवान भी चुनाव डियूटी के दौरान सुरक्षा के लिए तैनात किए जाएंगे। हरियाणा सशस्त्र बल की चार कंपनियां चुनाव डियूटी के लिए लगाई जाएंगी। प्रत्येक कम्पनी में 100 जवान लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त हरियाणा पुलिस के एक हजार जवानों की सेवाएं भी चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ली जाएंगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त श्री एन.के.सोलंकी ने आज लघु सचिवालय के सभाकक्ष में सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक शशि भूषण लाल सुशील, श्री रमेश देवकर तथा पुलिस पर्यवेक्षक श्री आरवी जोतांगिया की उपस्थिति में उडऩ दस्तों के अधिकारियों, विभिन्न नाकों पर तैनात अधिकारियों व डियूटी मैजिस्ट्रेट की बैठक को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि जिला के 79 स्थानों को चुनाव की दृष्टि से अति संवेदनशील घोषित किया गया है। मतदान के दिन इन स्थानों के मतदान केंद्रों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर सशस्त्र सेना बल के चार जवान तथा हरियाणा पुलिस की टीमें तैनात की जाएंगी। उन्होंने बताया कि मतदाताओं के मन में आत्म विश्वास पैदा करने के लिए तथा स्वतंत्र मतदान करने का वातावरण तैयार करने के लिए सशस्त्र बल के जवान शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करेंगे। इस दौरान इन फ्लैग मार्च के जवानों का रूट इस प्रकार से बनाया गया है कि प्रत्येक मतदान केंद्र कवर हो सके। 
Copyright @ 2019.