राष्ट्रीय (08/10/2014) 
कांग्रेस अब हुड्डा एंड सन्स पार्टी : बीरेंद्र सिंह
कैथल, 8 अक्तूबर (राजकुमार अग्रवाल)कांग्रेस पार्टी का नाम बदलकर अब हुड्डा एंड सन्स रख देना चाहिए। अब यहां सिर्फ बाप-बेटे की ही चलती है, अन्य नेताओं का गला घोंटा जा रहा है। जब से भूपेंद्र सिंह हुड्डा को प्रदेश का मुयमंत्री बनाया गया था तब से कांग्रेस का सुपड़ा साफ होना शुरू हो गया था। अब कांग्रेस डूबता हुआ जहाज नहीं है, बल्कि डूब चुका जहाज है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कलायत हलके के गांव मटौर में भाजपा प्रत्याशी धर्मपाल शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा जन-जन की पार्टी है, यहां व्यक्ति विशेष का अधिपत्य नहीं है। कांग्रेस पार्टी पर कुछ लेगों ने कब्जा कर लिया है। कांग्रेस नेतृत्व को भी हरियाणा में सिर्फ भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनका बेटा दीपेंद्र हुड्डा ही दिखाई देता है। पूरे प्रदेश का हक छीनकर क्षेत्र विशेष को दिया गया है। नौकरियों में बंदबांट की गई है। यहां के युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में धकेला गया है। इनेलो का तो यह हाल है कि विकास के नाम पर सिर्फ झुनझुना पकड़ा दिया जाता है। ओमप्रकाश चौटाला अब भी मुयमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, जबकि उन्हें माननीय न्यायालय दोषी करार दे चुका है। जनता को गुमराह किया जा रहा है। इनेलो नेता पूरे प्रदेश को समान रूप से देखने की बात करते हैं, पर सच्चाई यह है कि उन्हें सिर्फ अपना परिवार ही दिखाई देता है। यह भी घर की पार्टी और यहां भी प्रतिभाशाली नेताओं को ऊपर देखने नहीं दिया जाता। कांग्रेस और इनेलो की एक ही धारणा हो चुकी है, जिसे अब प्रदेश की जनता समझ चुकी है और इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि लोगों ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया तो वे बांगर की धरती विकास की गंगा बहाने का पुरजोर प्रयास करेंगे।
 
Copyright @ 2019.