राष्ट्रीय (29/12/2014) 
शिमला में पांच नये पार्क विकसित करेगा हिमुडाःसुधीर शर्मा

शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) की शिमला में पांच नये पार्कों को विकसित करने की योजना है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों, स्थानीय लोगों और विशेषकर बच्चों को टहलने और खेलने की सुविधा होगी। इन पार्कों का निर्माण नगर निगम शिमला के सहयोग से किया जाना प्रस्तावित है।

सुधीर शर्मा आज यहां हिमुडा के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में हिमुडा द्वारा प्रदेश के विभिन्न भागों में आवासीय काॅलोनियों के निर्माण की संभावनाओं का पता लगाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हिमुडा प्रदेश में अपनी गतिविधियां तेज करेगा और संभावना वाले क्षेत्रों में आवासीय काॅलोनियों का निर्माण करने के लिये आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिलों में सम्बन्धित उपायुक्तों के माध्यम से ज़मीन की व्यवहारिकता का पता लगाकर औपचारिकताएं पूर्ण करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रायः निजी बिल्डर परोक्ष अथवा अपरोक्ष रूप से लोगों की आंकाक्षाओं की पूर्ति नहीं कर पाते जिसके चलते उपभोक्ताओं को सदैव फलैट के पूर्ण रूप से अधिग्रहण करने तक चिंता रहती है। ऐसे में हिमुडा पर आम लोगों की विश्वसनीयता है, और इसे बनाए रखने के लिये सेवाओं को अधिक बेहतर बनाया जाना चाहिए।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सरकारी विभागों के पास अतिरिक्त जमीन उपलब्ध है, जिसका सदुपयोग किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी भूमि को उपयोग में लाने के लिये सम्बन्धित विभागों की सहमति प्राप्त करके आवासीय समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागों की ऐसी अतिरिक्त भूमि पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये अलग से आवासीय फलोर का निर्माण करके उपलब्ध करवाएं जाएंगे, जबकि भवनों की अन्य मंजिलों का उपयोग हिमुडा आवासीय काॅलोनियों अथवा वाणिज्यिक गतिविधियों के लिये प्रयोग करेगा।

बैठक में उपाध्यक्ष हिमुडा  यशवन्त सिंह छाजटा, प्रधान सचिव नगर नियोजन मती मनीषा नंदा, विशेष सचिव वित्त  अक्षय सूद, शहरी विकास विभाग के निदेशक  जेएम पठानिया, हिमुडा के निदेशक  विकास कपूर, प्रमुख अभियन्ता सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य  आर.के. शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता  अजय गर्ग तथा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Copyright @ 2019.