उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलीस ने एक अंतरराज्यीय ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक बाइक के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं।
मामला तब सामने आया जब हरित विहार निवासी एक व्यक्ति की बाइक घर के बाहर से चोरी हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूचना के आधार पर शहीद नगर मेट्रो स्टेशन के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी बाइक लेने पहुंचे, पुलिस ने दोनों को मौके पर दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि शहजाद इस गैंग का सरगना है और पिछले 5-6 साल से अपने साथियों के साथ मिलकर हाई-एंड स्पोर्ट्स बाइक चोरी कर रहा था। आरोपी मास्टर चाबी की मदद से गाड़ियों को चुराते थे और फिर उन्हें गाजियाबाद में सस्ते दामों पर बेच देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई से कुल 7 मामलों का खुलासा हुआ है।
डीसीपी नॉर्थ Raja Banthia ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।






