दिल्ली के मध्य जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने नबी करीम इलाके से दो कुख्यात शराब तस्करों—मोनू उर्फ पवन (32) और राकेश उर्फ गुड्डू (30)—को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से कुल 516 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें 500 क्वार्टर देसी शराब और 16 क्वार्टर रॉयल ग्रीन शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये दोनों आरोपी इलाके में अवैध शराब की आपूर्ति में लिप्त हैं। इसके बाद इंस्पेक्टर आशीष के. दुबे की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी राकेश उर्फ गुड्डू पहले भी 22 मामलों में शामिल रहा है और थाना नबी करीम का घोषित बदमाश (BC) है। दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।





