नई दिल्ली, 17 फरवरी 2026:
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे और पिछले करीब पांच वर्षों से फरार चल रहे दोषी रॉबिन तमांग उर्फ जोजो उर्फ पंचे (45) को आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मार्च 2021 से फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
मामला थाना बुराड़ी के वर्ष 2013 के एक हत्या कांड से जुड़ा है। एफआईआर संख्या 421/2013, धारा 302 आईपीसी के तहत दर्ज इस केस में रॉबिन तमांग ने अपने परिचित के घर पहुंचकर अपने दोस्त नीरज को बाहर बुलाया। मोबाइल सिम कार्ड और एक युवती को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने नीरज पर चाकू से 3-4 वार किए। घायल नीरज को हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद तमांग को उम्रकैद की सजा सुनाई थी और वह मंडोली जेल में बंद था।
3 सितंबर 2020 को उसे तीन सप्ताह की फरलो पर रिहा किया गया था, जिसे बढ़ाते हुए 15 मार्च 2021 तक किया गया, लेकिन तय तारीख पर उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गया। फरारी के दौरान वह पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में छिपा रहा, साथ ही नागालैंड, मेघालय, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे स्थानों पर जाकर ढाबों और फूड स्टॉल पर काम करता रहा, ताकि अपनी पहचान छुपा सके।
इंटर-स्टेट सेल की टीम ने पिछले कई महीनों से मानव स्रोतों और तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। एएसआई सुरेश गुप्ता और कॉन्स्टेबल रविंदर कुमार ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाए, जिसके आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर रणनीतिक तरीके से घेराबंदी कर 15 फरवरी 2026 की देर रात आरोपी को बिना किसी हंगामे के दबोच लिया।
पूरी कार्रवाई निरीक्षक पंकज मलिक और रोहित कुमार के नेतृत्व में तथा एसीपी रमेश चंदर लांबा की निगरानी में अंजाम दी गई। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





