नई दिल्ली। द्वारका जिले की पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। थाना द्वारका साउथ की टीम ने एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की स्कूटियां बरामद की हैं। आरोपी पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस के अनुसार 5 फरवरी को सेक्टर-11 द्वारका से स्कूटी चोरी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय सूत्रों को सक्रिय किया।
22 फरवरी की शाम गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-9 स्थित डीडीए पार्क के पास आने वाला है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया। संदिग्ध युवक स्कूटी पर आता दिखाई दिया, जिसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। बरामद स्कूटी सेक्टर-11 से चोरी की गई पाई गई।
पूछताछ में आरोपी ने दो अन्य स्कूटियां चोरी करने की बात कबूल की, जिन्हें बाद में बरामद कर लिया गया। ये वाहन सेक्टर-12 और सेक्टर-13 द्वारका से चोरी हुए थे और अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों से संबंधित हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है, जो पालम का रहने वाला है और फिलहाल बेरोजगार है। पुलिस के मुताबिक वह पहले भी वाहन चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है।
द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह (आईपीएस) ने बताया कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और सघन अभियान जारी रहेगा।






