द्वारका जिला पुलिस की उत्तम नगर थाने की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके में सक्रिय एक ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी की दो स्कूटी, दो मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली।
पुलिस टीम को 26 जुलाई की रात करीब 9 बजे एक मुखबिर से जानकारी मिली कि डीडीए पार्क, 100 फुटा रोड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी, मोबाइल और अवैध चाकू के साथ आने वाला है। SHO उत्तम नगर की निगरानी में HC जगबीर सिंह, HC नवीन, HC मुनीराज, कॉन्स्टेबल नामो नारायण और कॉन्स्टेबल रमेश चंद की टीम ने तुरंत जाल बिछाया और संदिग्ध को धर दबोचा। आरोपी की पहचान मानसाब उर्फ काना (30) निवासी हस्तसल रोड, उत्तम नगर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपना स्थायी पता मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध चाकू, एक चोरी की स्कूटी और वीवो मोबाइल मिला। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने एक और स्कूटी और मोबाइल भी चोरी किया है। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर दूसरी स्कूटी विकासपुरी के गंदा नाला इलाके से बरामद कर ली।
आरोपी मानसाब उर्फ काना के खिलाफ उत्तम नगर और रन्होला थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। अब उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत चोरी के मामलों में केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस टीम की सतर्कता और मुस्तैदी ने इलाके में ऑटो-लिफ्टिंग गैंग के मंसूबों पर पानी फेर दिया है और लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।





