पूर्वी दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 31 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी की पहचान गाजीपुर गांव निवासी राहुल के रूप में हुई है, जो बैटरी रिक्शा किराए पर देकर अपना गुजारा करता है।
घटना 9 अगस्त 2025 की है, जब पीएस पाटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया के हेड कांस्टेबल कांती और कांस्टेबल संजय रोड नंबर-56, आईएसबीटी आनंद विहार के पास पिकेट चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उन्होंने संदिग्ध लग रही एक मारुति बलेनो कार को रोका। तलाशी के दौरान राहुल की कमर से एक देसी पिस्तौल मिली। पिस्तौल के मैगजीन में कोई जिंदा कारतूस नहीं था। आरोपी हथियार के लाइसेंस या वैध कागजात नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से देसी पिस्तौल के साथ कार को भी जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।







