नई दिल्ली, 10 जुलाई।
द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1880 क्वार्टर अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर की पहचान सोम्बीर उर्फ सोमू के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई के लिए एक कार आने वाली है। इंस्पेक्टर विश्वेंद्र की अगुवाई में हेड कांस्टेबल जगदीश चंद और टीम ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर साईं मंदिर के पास जाल बिछाकर सोम्बीर को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी में कार से 38 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसे हरियाणा और चंडीगढ़ में बेचने की तैयारी थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बेरोजगार है और जल्दी पैसा कमाने के लालच में शराब तस्करी के धंधे में जुड़ गया था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ नजफगढ़ थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।





