दक्षिण-पूर्वी जिले की लाजपत नगर पुलिस ने तकनीकी निगरानी और चौकसी के दम पर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान समीरुद्दीन उर्फ समीर मिर्ज़ा उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी किए गए कपड़े, एक स्कूटी और दुकान तोड़ने के औज़ार बरामद हुए हैं।
मामला 11-12 अगस्त की रात का है जब शिकायतकर्ता मयंक कोचर ने बताया कि उनके शो-रूम का शटर तोड़कर 33 शर्ट और 35 हज़ार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। JJ कॉलोनी बवाना से स्कूटी बरामद होने के बाद जाल बिछाकर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने साथी शानू के साथ 20 जुलाई को लाजपत नगर स्थित एक LG शोरूम से ताले तोड़कर 30 लाख रुपये नकद और दस्तावेज़ चुरा लिए थे। आरोपी के मुताबिक, रकम का आधा हिस्सा उसके पास आया जबकि शानू नगदी और दस्तावेज़ लेकर फरार है। पुलिस अब फरार आरोपी शानू की तलाश में जुटी हुई है।
45 वर्षीय समीरुद्दीन पर पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पुलिस रिकॉर्ड में एक “हार्डन क्रिमिनल” माना जाता है। उसकी गिरफ्तारी से न केवल हालिया चोरी का पर्दाफाश हुआ है, बल्कि 30 लाख की बड़ी वारदात भी सामने आ गई है।





