दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र की पुलिस ने लगातार बढ़ रहे स्ट्रीट क्राइम पर शिकंजा कसते हुए एक खतरनाक लुटेरा-स्नैचर को धर दबोचा है। पुलिस की इस कार्रवाई में दो चोरी के मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की एक काली पल्सर मोटरसाइकिल और एक बटन से खुलने वाला चाकू बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान लोनी, गाजियाबाद निवासी जुल्फाम उर्फ जुल्ला (25) के रूप में हुई है, जो कई आपराधिक मामलों में पहले से शामिल रहा है।
मामला 13 सितंबर की शाम का है, जब पांडव नगर पुलिस टीम गश्त पर थी। तभी नोएडा लिंक रोड पर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध युवक दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन वह तेज रफ्तार से भागने लगा। इस दौरान थाना प्रभारी (SHO) पांडव नगर भी मौके पर गश्त कर रहे थे। उन्होंने आरोपी को रोकने की कोशिश की, जिस पर उसने गलत यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई और आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे काबू में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बटन से खुलने वाला चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहचान से बचने के लिए जानबूझकर बाइक की नंबर प्लेट हटाता था। उसने यह भी बताया कि लोगों को डराने और खुद को भीड़ से बचाने के लिए वह हमेशा चाकू साथ रखता था। आरोपी की गिरफ्तारी से स्नैचिंग के दो मामलों का खुलासा हो चुका है।
जुल्फाम उर्फ जुल्ला पांचवी कक्षा तक पढ़ा है और मजदूरी करता था। नशे की लत ने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया। वह अपने नशे की आदत पूरी करने और आसानी से पैसा कमाने के लिए वारदातें करता था। पुलिस जांच में अब तक उसके खिलाफ पांच आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया है।
पूर्वी जिले के डीसीपी अभिषेक धनिया ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से इलाके में स्ट्रीट क्राइम पर रोक लगेगी और आगे की जांच जारी है।





