नई दिल्ली: चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने एक ज्वेलरी चोरी की वारदात को महज छह घंटे में सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता का 18 वर्षीय रिश्तेदार राहुल महतो निकला, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और दिल्ली में मजदूरी करता है।
सावित्री देवी ने 3 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से ज्वेलरी और प्रॉपर्टी के कागजात चोरी हो गए हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और एक संदिग्ध युवक की पहचान की, जिसे पीड़िता ने अपने रिश्तेदार के रूप में पहचाना। पुलिस ने तुरंत छापा मारकर आरोपी को बिंदापुर से पकड़ा और उसकी निशानदेही पर सेंट मार्टिन मार्ग के पास झाड़ियों से चोरी गया सामान बरामद कर लिया।
बरामद ज्वेलरी में करीब 12 ग्राम सोना और 800 ग्राम चांदी के गहने शामिल हैं, साथ ही चोरी हुए दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।





