दमण। भारत भ्रमण पर निकले 2025 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के दल ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमण और दीव तथा लक्षद्वीप के प्रशासक श्री प्रफुल पटेल से दमण में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उनके शैक्षणिक प्रवास का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास मॉडल को नज़दीक से समझना है।
इस अवसर पर प्रशासक ने अधिकारियों से संवाद करते हुए केंद्र शासित प्रदेशों में सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी पर आधारित प्रशासनिक मॉडल की जानकारी साझा की। उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, पर्यटन विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर दिया।
आईएएस अधिकारियों के दल ने दादरा और नगर हवेली क्षेत्र में हुए चौमुखी विकास, सुव्यवस्थित प्रशासन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का अवलोकन किया। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं, ई-गवर्नेंस पहलों और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को समझा।
अधिकारियों ने इस शैक्षणिक दौरे को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें जमीनी स्तर पर प्रशासन की चुनौतियों और समाधान की बेहतर समझ मिली है, जो उनके भविष्य के प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में सहायक सिद्ध होगी।






