दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-I टीम ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में लापता हुई दो लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पहली लड़की, 20 वर्षीय, रानी बाग इलाके से लापता थी, जबकि दूसरी, 24 वर्षीय, स्वतंत्र नगर, नरेला से गुमशुदा हुई थी।
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला कि दोनों लड़कियां अपने-अपने प्रेमियों के साथ घर से भाग गई थीं और अपनी मर्जी से विवाह कर लिया था। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने एक लड़की को उत्तर प्रदेश के जनपद एटा के गांव कोयला से, और दूसरी को जनपद कासगंज के गांव उड़नपुर जहांगीरपुर से बरामद किया।
स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को सुरक्षित दिल्ली लाकर संबंधित थानों को सौंप दिया गया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त ने टीम को प्रत्येक लड़की की बरामदगी पर ₹20,000 के इनाम की घोषणा की थी।
इस अभियान में महिला एएसआई केएम बीप्ती, हेड कांस्टेबल सोहित और हेड कांस्टेबल सूर्या प्रकाश ने इंस्पेक्टर लिछमन के नेतृत्व में अहम भूमिका निभाई।




