नई दिल्ली। लक्ष्मी नगर स्थित पालीवाल धर्मशाला में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के निदान हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
कैंप में जल उपभोक्ताओं से जुड़े बिल, कनेक्शन, लीकेज, रीडिंग और अन्य तकनीकी विषयों पर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिकायतों का निस्तारण किया। हालांकि, कैंप में पहुंचे लोगों में से अधिकतर ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों से यह पूछते हुए रुचि दिखाई कि “बिलों पर छूट कब आ रही है?”
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को काफी सुविधा मिलती है। अधिकारियों का कहना है कि समय-समय पर इस प्रकार के कैंप लगाए जाते रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें उनके क्षेत्र में ही समाधान मिल सके।





