पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में मोबाइल फोन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरे को पुलिस ने महज़ 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पीड़िता का लूटा हुआ वनप्लस मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संगम उर्फ चिकना (23) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला है।
यह घटना 13 सितंबर की है, जब लक्ष्मी नगर निवासी एक युवती अपने घर के पास दुकान जा रही थी। तभी पीछे से आए युवक ने उसका मुंह दबाया, ज़मीन पर गिराया और मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। युवती ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह संकरी गलियों से होते हुए फरार हो गया। मामले की सूचना पर तुरंत लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ मानवीय खुफिया जानकारी जुटाई। सुरागों के आधार पर टीम ने आरोपी को लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास देखा और पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम संगम उर्फ चिकना बताया और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और दिल्ली में रिक्शा चलाता है। वह नशे का आदी है और गलत संगत में पड़कर अपराध की राह पर निकल पड़ा। उसने खुलासा किया कि नशे की लत और आसानी से पैसे कमाने के लिए वह ऐसी वारदातों को अंजाम देता है। आरोपी अक्सर कमजोर और असहाय लोगों को निशाना बनाता था, ताकि आसानी से लूटपाट कर सके।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धनिया ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से इलाके में स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगेगा और आगे की जांच जारी है।





