द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने लंबे समय से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी राहुल उर्फ फैयाद, जो चोरी के एक मामले में ट्रायल से बचता फिर रहा था और अदालत द्वारा घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था, को पुलिस ने दबिश देकर दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक राहुल उर्फ फैयाद (32) पर चोरी, लूट, स्नैचिंग, घर में घुसकर चोरी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के करीब 50 मामले दर्ज हैं। वह डाबड़ी सब-डिवीजन का सक्रिय बदमाश माना जाता है। उत्तम नगर थाने में दर्ज एक चोरी के मामले में अदालत में पेश न होने के कारण 18 फरवरी 2026 को कोर्ट ने उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।
द्वारका जिले के डीसीपी के निर्देश पर एंटी-बर्गलरी सेल की टीम लगातार फरार अपराधियों और घोषित अपराधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान इंस्पेक्टर विवेक मैनडोला के नेतृत्व में टीम ने राहुल उर्फ फैयाद की तलाश शुरू की। पुलिस ने तकनीकी और मैन्युअल निगरानी के जरिए उसके पुराने ठिकानों पर कई बार छापेमारी की, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी की पत्नी द्वारका के एक अपार्टमेंट में घरेलू काम करती है। इसके बाद पुलिस टीम ने गुप्त तरीके से उसकी पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखी और लगातार प्रयासों के बाद आरोपी के नए ठिकाने का पता लगा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत दबिश देकर 6 मार्च 2026 को राहुल उर्फ फैयाद को उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में उतर गया। वह बार-बार अपना ठिकाना बदलता था और अक्सर लोगों के बीच यह डींग मारता था कि पुलिस उसे कभी पकड़ नहीं पाएगी।
हालांकि द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल की सतर्कता और लगातार प्रयासों ने आखिरकार इस शातिर अपराधी को कानून के शिकंजे में ला दिया। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ कर रही है।






