दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज राजधानी के विभिन्न इलाकों से आए नागरिकों की समस्याएं और सुझाव सुनने के लिए मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में जन सुनवाई आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान ही उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत पर पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए, ताकि जनता को उनका हक और सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
जन सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं और सुझावों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को खत्म करना है, ताकि शासन अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जन-संवेदनशील बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा, “जन संवाद ही अच्छे शासन की आत्मा है। जनता से जुड़ना, उनकी बातें सुनना और उनके समाधान देना — यही लोकतंत्र की सच्ची पहचान है।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसी जन सुनवाई न केवल सरकार को जनता के और करीब लाती है, बल्कि सुशासन के संकल्प को और मजबूत बनाती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित यह जन सुनवाई दिल्ली सरकार के उस सतत प्रयास का हिस्सा है, जिसके माध्यम से सरकार सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंत में कहा कि उनकी सरकार हर नागरिक की आवाज सुनने और उसे समाधान तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि अच्छा शासन वही है जो जनता के विश्वास से चलता है।





