नई दिल्ली, 18 अगस्त।
दक्षिण-पूर्वी जिले की कालकाजी पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अक्षय उर्फ नेपाली (19) के रूप में हुई है, जो गोविंदपुरी ट्रांजिट कैंप का रहने वाला है। उसके पास से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है, जिसमें प्रेशर कुकर, फ्राई पैन, पीतल की हांडी, कंप्यूटर मदरबोर्ड, दो एल्यूमिनियम पतेला, तीन एल्यूमिनियम कढ़ाही, तीन ग्राफिक बोर्ड और तीन पानी के नल शामिल हैं।
यह मामला 17 अगस्त को सामने आया था जब कालकाजी निवासी मंजीत कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके घर से घरेलू सामान चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर थाना कालकाजी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। SHO सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व और ACP राकेश कुमार की देखरेख में गठित टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। इसी दौरान टीम को बस स्टॉप 429, डीडीए फ्लैट्स, कालकाजी के पास आरोपी दिखाई दिया। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह बेरोजगार था और जल्दी पैसे कमाने के लिए उसने चोरी की राह पकड़ी। जांच में यह भी सामने आया कि वह पहले भी एक चोरी के मामले में शामिल रह चुका है।
कालकाजी पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल चोरी का मामला सुलझा बल्कि आरोपी के आपराधिक इरादों का भी खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।





