नई दिल्ली के भारत मंडपम में खाद्य और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में से एक AAHAR 2026 का भव्य आगाज़ हुआ। इस पांच दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया। भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित यह आयोजन 10 से 14 मार्च तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश की कंपनियां, निर्यातक, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े उद्यमी और वैश्विक खरीदार एक मंच पर जुटे हैं।
करीब चार दशकों से आयोजित हो रही यह प्रदर्शनी एशिया में फूड प्रोसेसिंग और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापार मंच बन चुकी है। इस साल आयोजन का दायरा और भी बड़ा है, जहां करीब 1.25 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में 1800 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद और तकनीक का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें 17 देशों के 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक भी शामिल हैं।
आईटीपीओ के चेयरमैन जावेद अशरफ के अनुसार यह प्रदर्शनी भारत के कृषि क्षेत्र और तेजी से बढ़ते हॉस्पिटैलिटी उद्योग को जोड़ने वाला अहम मंच है, जहां नई साझेदारियों और व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा मिलता है।
AAHAR 2026 में फूड प्रोडक्ट्स, बेवरेजेस, फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग तकनीक, हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर, कोल्ड चेन और रेफ्रिजरेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस बार इटली को पार्टनर कंट्री बनाया गया है, जिससे भारत और यूरोपीय देशों के बीच खाद्य प्रसंस्करण और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
प्रदर्शनी के दौरान कई उद्योग मंडप, सेमिनार, क्यूलिनरी प्रतियोगिताएं और बिजनेस इंटरैक्शन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आईटीपीओ ने AAHAR 2026 का आधिकारिक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है, जिससे आगंतुकों और प्रदर्शकों को डिजिटल डायरेक्टरी, इंटरैक्टिव फ्लोर प्लान और बी2बी मीटिंग्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी, ताकि व्यापारिक नेटवर्किंग और अधिक आसान हो सके।






