दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट जिले की गोकलपुरी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक बड़े ड्रग तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के पास से कुल 17.986 किलो गांजा, एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है।
10 अगस्त 2025 की शाम करीब 5:30 बजे गश्ती टीम ने एक संदिग्ध युवक को स्कूटी (DL9SBY29XX) पर जाते देखा। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और थाने को सूचना दी। जांच में आरोपी की पहचान मेराज आलम (22), निवासी अशोक विहार, वज़ीरपुर, दिल्ली के रूप में हुई। उसके पास से मौके पर ही 3.276 किलो गांजा बरामद हुआ। NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मेराज ने ड्रग तस्करी में अपनी संलिप्तता कबूलते हुए अपने सप्लायर की जानकारी दी। पुलिस कस्टडी के दौरान मिली सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें 14.71 किलो अतिरिक्त गांजा, एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त कर ली गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच जारी है।







