दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। हथियारबंद लूट के मामले में फरार चल रहा कुख्यात अपराधी अभिषेक उर्फ ‘पंजा’ को आईएससी, चाणक्यपुरी टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 15 अगस्त 2024 को सराय रोहिल्ला इलाके में हुई एक खौफनाक लूट की वारदात के बाद से फरार था।
वारदात के दिन चार हमलावरों ने एक घर में घुसकर बंदूक की नोक पर ₹30,000 लूट लिए थे। इस दौरान पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें भी आईं। मौके पर दो आरोपी दीपांशु उर्फ साहिल और अविनाश पकड़े गए थे, जबकि अभिषेक और उसका साथी कविश फरार हो गए थे। अभिषेक पर गैर-जमानती वारंट भी जारी था।
क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 17 मई को अभिषेक को ईस्ट पटेल नगर से धर दबोचा। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘बदला लेने’ की नीयत से यह लूट की थी।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक 12वीं तक पढ़ा है और आर्थिक तंगी के चलते गलत संगत में पड़कर अपराध की दुनिया में आ गया।





